Trending News

प्रेसिडेंसी स्कूल में भव्य ग्रैंड गरबा नाइट का आयोजन

:: Editor - Omprakash Najwani :: 27-Sep-2025
:

अजमेर। प्रेसिडेंसी स्कूल के प्रांगण में भव्य ग्रैंड गरबा नाइट का आयोजन बड़े हर्ष और उल्लास के साथ किया गया। विद्यालय परिसर इस अवसर पर रंगीन रोशनी, सजावट और उमंगों से सराबोर था। यह कार्यक्रम केवल मनोरंजन का मंच नहीं था, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और बच्चों की प्रतिभा को सामने लाने का भी एक सुंदर अवसर बना।



इस कार्यक्रम में जज की भूमिका जैन महिला महासमिति की ओर से मंत्री उषा जैन, उपमंत्री बीना झनाजरी, वुमनिया अध्यक्ष रुचिका असावा और सना छुटवानी ने निभाई। इन सभी अतिथि गण ने कार्यक्रम की भव्यता की सराहना की और बच्चों की प्रस्तुतियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने और भारतीय संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



कार्यक्रम की शुरुआत रामलीला की मनमोहक प्रस्तुति से हुई, जिसमें नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपने अभिनय कौशल से दर्शकों का मन मोह लिया। बाल कलाकारों ने राम, सीता, लक्ष्मण और रावण के किरदार को जीवंत कर दिया। अंत में रावण का विशालकाय पुतला जलाया गया, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। जब आग की लपटों के साथ रावण का पुतला धधक उठा तो पूरे मैदान में "जय श्रीराम" के जयघोष गूंज उठे।

तदोपरांत विद्यालय द्वारा बेबी शो का भी आयोजन किया गया, जिसमें नन्हें बच्चों ने अपनी मासूमियत और आकर्षक अदाओं से सबका मन मोह लिया। विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी और माता-पिता ने भी इस आयोजन को यादगार बताया।



गरबा नाइट का सबसे खास आकर्षण गरबा प्रतियोगिता रही। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने तालबद्ध नृत्य से पांडाल को ऊर्जा और उल्लास से भर दिया। संगीत की धुनों पर गोल घेरे में घूमते हुए सभी ने गरबा नृत्य का आनंद लिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की रचनात्मकता और जोश देखने योग्य था। अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया और अनेक प्रतिभागियों ने पुरस्कार भी हासिल किए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न खाने के स्टॉल्स भी लगाए गए थे, जिनमें स्वादिष्ट और लज़ीज़ व्यंजनों का समावेश था। दर्शकों और अतिथियों ने व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया और सभी ने आकर आयोजन की रौनक को और बढ़ा दिया।

विद्यालय के चेयरमैन जी. एस. सिंघवी का मानना है कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और सांस्कृतिक जुड़ाव को बढ़ाते हैं। डायरेक्टर गरिमा सिंघवी का कहना है कि ऐसे मंच बच्चों की बहुमुखी प्रतिभा को विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। प्राचार्य ए. पी. शर्मा का मानना है कि यह आयोजन केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को बच्चों तक पहुँचाने का माध्यम है।

( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   |
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News