नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में तृणमूल कांग्रेस के नेता राजू डे पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे झिनईडांगा इलाके के पास हुई। राजू डे कूचबिहार प्रखंड-2 पंचायत समिति के कर्माध्यक्ष हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोली उनके दाहिने कंधे में लगी, जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हमलावर कार में सवार होकर आए थे और वारदात के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने उस वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे भारतीय जनता पार्टी का हाथ है। वहीं, भाजपा ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि यह हमला तृणमूल कांग्रेस की अंदरूनी कलह का नतीजा है।
फिलहाल पुलिस हमले की हर पहलू से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।