समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर शिक्षा को महंगी करने की साजिश रच रही है ताकि आने वाली पीढ़ी से शिक्षा का अधिकार छीन लिया जाए।
सपा मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि गरीबों के लिए रोजी-रोटी के अभाव में बच्चों को पढ़ाना कठिन होता जा रहा है और लाखों बच्चे पढ़ाई से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों के चलते शिक्षा अंधकारमय होती जा रही है, ताकि सरकार की कारगुजारियों पर पर्दा पड़ा रहे।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में लगभग पांच हजार प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने का निर्णय लिया गया है, जो भाजपा के सामाजिक न्याय विरोधी एजेंडे को दर्शाता है। यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस निर्णय का विरोध करेगी और 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पार्टी के विधायक, नेता और पदाधिकारी उन गांवों में जाकर कार्यक्रम करेंगे जहां विद्यालयों को बंद किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय पर आधारित शासन की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना से सभी वर्गों को समानुपातिक भागीदारी सुनिश्चित होगी।