महाराष्ट्र के पुणे रेलवे स्टेशन पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान सूरज शुक्ला के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
पुलिस उपायुक्त (जोन 2) मिलिंद मोहिते ने बताया कि रविवार देर रात हुई इस घटना के बाद इलाके के कुछ लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा था और उसके हाथ में एक कुल्हाड़ी थी, जिससे वह प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास कर रहा था।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
कांग्रेस की शहर इकाई के अध्यक्ष अरविंद शिंदे ने आरोप लगाया कि व्यक्ति उस चबूतरे पर चढ़ गया जिस पर प्रतिमा रखी हुई थी और उसने उसे क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस घटना की कड़ी निंदा करती है। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिमा को सुरक्षा प्रदान करेंगे और घटना के विरोध में आज प्रदर्शन करेंगे।