आपातकाल लोकतंत्र की हत्या का काला अध्याय – मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि देश की किसी भी पीढ़ी को यह नहीं भूलना चाहिए कि आपातकाल के दौरान कैसे लोकतंत्र की हत्या की गई, उसका गला घोंटा गया और उसकी पीठ में छुरा घोंपा गया। देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आपातकाल लागू हुए 50 साल हो गए हैं।
मोदी ने कहा, ‘‘संविधान का उल्लंघन किया गया, हमें धोखा दिया गया, हमारी पीठ में छुरा घोंपा गया... भारत को जेलखाना बना दिया गया और आपातकाल लगा दिया गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘देश की किसी भी पीढ़ी को संविधान की हत्या के इस पाप को नहीं भूलना चाहिए। उन्हें संविधान की हत्या करने वाले पापियों को नहीं भूलना चाहिए।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें कभी नहीं भूलना चाहिए कि आपातकाल के दौरान कैसे लोकतंत्र की हत्या हुई। उन्होंने आह्वान किया कि भारत के संविधान के प्रति अपने समर्पण को और मजबूत करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।