बिहार बंद पर तेजस्वी और लालू का भाजपा पर हमला, बंद को बताया ‘सुपर फ्लॉप’
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को बिहार बंद को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पूरे राज्य में गुंडागर्दी फैलाई लेकिन एक पंचायत तक बंद कराने में असफल रही।
तेजस्वी यादव ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भाजपा के गुंडों ने महिलाओं, शिक्षकों और गर्भवती महिलाओं पर हमला किया, एम्बुलेंस रोकी, बच्चों को स्कूल जाने से रोका और शहीदों के परिवारों को भी पीटा। उन्होंने कहा, ‘‘फिर भी ये निकम्मे लोग एक वार्ड तो दूर, एक पंचायत भी बंद नहीं करा पाए
शर्म आनी चाहिए इन पर।’’
उन्होंने मीडिया पर भी हमला बोला और कहा कि चापलूस मीडिया भाजपा की गुंडागर्दी को कवर करने से घबरा गया। तेजस्वी यादव के अनुसार विपक्ष के बंद में अगर एक छोटी घटना भी होती तो मीडिया जातिवादी तूफान खड़ा कर देता, लेकिन भाजपा की नाकामी पर चुप्पी साधी हुई है।
इससे पहले गुरुवार को तेजस्वी यादव ने एनडीए के बिहार बंद को ‘‘सुपर फ्लॉप’’ करार दिया था। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए को बंद के लिए जनता का समर्थन नहीं मिला और उन्होंने केवल गुंडागर्दी करने की कोशिश की।
राजद प्रमुख लालू यादव ने भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बिहार और बिहारियों की माताओं, बहनों और बेटियों के साथ दुर्व्यवहार करने का आदेश दिया था।