Trending News

कांग्रेस केरल इकाई का ट्वीट बना विवाद, बिहार का अपमान बताकर भाजपा नेताओं ने किया हमला

:: Editor - Omprakash Najwani :: 05-Sep-2025
:

कांग्रेस की केरल इकाई ने केंद्र सरकार के वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों पर सोशल मीडिया पोस्ट लिखकर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। अब हटा दी गई एक्स पर एक पोस्ट में कांग्रेस ने तंबाकू उत्पाद पर जीएसटी कटौती का हवाला देते हुए कहा कि बीड़ी और बिहार बी से शुरू होते हैं और "इसे अब पाप नहीं माना जा सकता।"

इस टिप्पणी को बिहार का अपमान बताते हुए भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूजनीय माताजी का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान, यही कांग्रेस का असली चरित्र है। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बिहार के लिए अपनी मानसिकता और सोच प्रदर्शित की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केरल की पोस्ट से स्पष्ट है कि बिहारियों का अपमान करना कांग्रेस पार्टी का काम है और बिहार की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

गृह राज्य मंत्री और बिहार से सांसद नित्यानंद राय ने कहा कि कांग्रेस और राजद नेता बिहारियों का अपमान करने में आनंद लेते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव इस पर क्या कहेंगे। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि बिहारियों के ऐसे अपमान का जवाब पूरा देश देगा। उन्होंने कहा कि बिहार अखंड भारत का निर्माता, ज्ञान-विज्ञान और धर्मों की उद्गम भूमि रहा है, ऐसे में बिहार पर सवाल उठाना पूरे देश पर सवाल उठाना है।

भाजपा नेताओं ने इस पोस्ट को कांग्रेस की मानसिकता बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है और कार्रवाई की मांग की है।


( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   |
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News