Trending News

अशोकनगर को सिंधिया की सौगात, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दो एंबुलेंस और शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल

:: Editor - Omprakash Najwani :: 23-Aug-2025
:

अशोकनगर/भोपाल। केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के तहत अपनी सांसद निधि से 50 लाख रुपए की राशि से जिला चिकित्सालय अशोकनगर को 32 लाख रुपए की अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस और सिविल अस्पताल चंदेरी को 18 लाख रुपए की बेसिक लाइफ़ सपोर्ट एंबुलेंस प्रदान की। उन्होंने दोनों एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया।

अपने संसदीय क्षेत्र के चार दिवसीय प्रवास के तीसरे दिन सिंधिया ग्राम पथरिया स्थित नवीन केंद्रीय विद्यालय के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे। यहाँ उन्होंने विद्यालय को 2 आरओ वाटर प्यूरीफायर, 2 कंप्यूटर सिस्टम, संगीत यंत्र, खेल सामग्री और पुस्तकालय के लिए किताबें भेंट कीं। इस दौरान उन्होंने बच्चों और अभिभावकों से बातचीत भी की।

यह विद्यालय क्षेत्र की जनता की 22 वर्ष पुरानी मांग पूरी होने का परिणाम है। 4 अगस्त 2025 से यहाँ कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई प्रारंभ हो चुकी है और वर्तमान में 196 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। आवंटित 5 एकड़ भूमि पर स्थायी परिसर बनने तक विद्यालय का संचालन पथरिया स्थित डायट भवन से होगा।

सिंधिया ने विद्यालय की स्थापना के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से विशेष आग्रह किया था, जिसके बाद दिसंबर 2024 में भारत सरकार ने देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालयों की मंजूरी दी, जिनमें अशोकनगर का यह विद्यालय भी शामिल है।

विद्यालय आगमन पर विद्यार्थियों ने बैंड धुन, तिलक और सरस्वती वंदना के साथ सिंधिया का स्वागत किया। विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। सिंधिया ने बच्चों की कक्षाओं और एक्टिविटी रूम का अवलोकन करते हुए संवाद किया और सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।


( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   |
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News