Trending News

मेरठ में तेजाब फेंकने का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

:: Editor - Omprakash Najwani :: 25-Sep-2025
:

मेरठ जिले में महिला पर तेजाब फेंकने की वारदात के मुख्य आरोपी महेंद्र को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि 23 सितंबर को लोहियानगर थाना क्षेत्र में रुखसाना नामक महिला पर तेजाब फेंका गया था। घटना के बाद नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि महेंद्र फरार हो गया था।

जैन ने बताया कि बुधवार देर रात लोहियानगर पुलिस और स्वाट टीम को सूचना मिली कि महेंद्र जलालपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिस पर गोलियां चलायीं। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि महेंद्र के खिलाफ तेजाब फेंकने के मामले के अलावा शस्त्र अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में महेंद्र ने बताया कि पूर्व में उसके रुखसाना के साथ प्रेम संबंध थे लेकिन कुछ समय से रुखसाना ने बातचीत बंद कर दी थी। इसी से गुस्सा होकर उसने घटना को अंजाम दिलवाया।


( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   |
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News