देहरादून/बरेली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘आई लव मुहम्मद’ लिखी तख्तियों के प्रदर्शन को सार्वजनिक शांति भंग करने की सुनियोजित साजिश करार देते हुए राज्य में अराजकता बर्दाश्त न करने की कड़ी चेतावनी दी। धामी ने कहा कि यह हमारे त्योहारों और धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान अशांति फैलाने का प्रयास है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि भारत के विकास को पचा न पाने वाली ताकतें इस तरह के षड्यंत्र रच रही हैं।
धामी ने स्पष्ट कहा कि अशांति के दौरान सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों से सख्ती से भरपाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस धरती पर इस तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में 26 सितंबर को "आई लव मुहम्मद" पोस्टर विवाद को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद से तनाव बना हुआ है। बरेली पुलिस ने अब तक 56 गिरफ्तारियाँ की हैं, जिनमें हिंसा का एक प्रमुख साजिशकर्ता नदीम खान भी शामिल है। इस कार्रवाई का नेतृत्व बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने किया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की नमाज के बाद प्रदर्शनकारी आला हजरत दरगाह और आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के घर के बाहर जमा हुए और ‘आई लव मुहम्मद’ की तख्तियां लेकर विरोध करने लगे। इस दौरान पथराव और पुलिस से झड़प हुई, जिसमें कई लोग घायल हुए और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचा। जांच में सामने आया कि प्रदर्शनकारियों को व्हाट्सएप पर भड़काऊ संदेशों से उकसाया गया था।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बरेली हिंसा में शामिल उपद्रवियों को चेतावनी दी और कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।