मराठा सेवा संघ के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन
दिल्ली। मराठा सेवा संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा आयोजित दो दिवसीय "प्रशिक्षण शिविर 2025" का दिल्ली में उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक माहौल में भव्य समापन हुआ। छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों और मूल्यों पर आधारित इस शिविर ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्थान और संगठनात्मक विकास के लिए नई दिशा प्रदान की।
शिविर का उद्घाटन जोश और उत्साह के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मराठा सेवा संघ के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप पाटील ने की, जबकि उद्घाटनकर्ता के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय नवल पाटील उपस्थित थे। मंच पर राष्ट्रीय किसान नेता अविनाश काकडे, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. संजय पाटील, मराठा समन्वय कक्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश पाटील, मराठा न्यायदान कक्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट आकाश काकडे, वीर भगत सिंह विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. संभाजी नवघरे, संत गाडगे महाराज प्रबोधन कक्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाजीराजे पाटील तथा दिल्ली मराठा सेवा संघ की प्रदेशाध्यक्ष अंजली पाटील मौजूद थीं। कार्यक्रम का संचालन संयुक्ता देशमुख ने किया।
शिविर की शुरुआत राजमाता जिजाऊ की प्रतिमा को वंदन और दीप प्रज्वलन से हुई। स्वागत समारोह में सभी अतिथियों का सत्कार किया गया तथा स्वागत उद्बोधन मराठा सेवा संघ के प्रदेश महासचिव प्रो. आदेश मुळे ने किया।
उद्घाटन उद्बोधन में विजय नवल पाटील ने कहा कि मराठा सेवा संघ का कार्य शिवाजी महाराज के मूल्यों पर आधारित है, जो ‘शिवशाही’ का आधुनिक स्वरूप है। राष्ट्रीय किसान नेता अविनाश काकडे ने कहा कि मराठा समाज केवल एक जाति नहीं बल्कि विभिन्न जातियों-जनजातियों का समन्वय है और यदि आज शिवाजी महाराज होते तो वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीक को समाजहित में उपयोग करने की प्रेरणा देते। प्रदीप पाटील ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, डॉ. संजय पाटील ने संगठन की भूमिका स्पष्ट की, कमलेश पाटील ने सामाजिक एकता पर बल दिया, प्रो. संभाजी नवघरे ने युवाओं में राष्ट्रवाद पर जोर दिया और शिवाजीराजे पाटील ने अंधविश्वास उन्मूलन तथा सामाजिक सुधार की आवश्यकता पर विचार रखे।
शिविर में इंजी. शिवाजीराजे पाटील, प्रो. संभाजी नवघरे और प्रो. सुदर्शन तारक द्वारा संचालित सत्रों में गहन चर्चा हुई। प्रत्येक सत्र के बाद प्रश्नोत्तर का आयोजन किया गया। प्रतिनिधियों ने दिल्ली के कुतुब एन्क्लेव स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अनुभूति संग्रहालय का दौरा भी किया, जिसका निर्माण छत्रपति शिवाजी महाराज मेमोरियल राष्ट्रीय समिति द्वारा किया गया है। यह संग्रहालय अत्याधुनिक 13-D तकनीक और डार्क राइड के माध्यम से शिवाजी महाराज के गौरवशाली इतिहास को जीवंत करता है।
शिविर के सफल आयोजन के लिए प्रो. आदेश मुळे ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। मराठा सेवा संघ का यह प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार कर राष्ट्र व समाज के प्रति उनके दायित्व को और सशक्त करने में सफल रहा।
Latest News


Tue-14-Oct - हरियाणा: आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार मामले में डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेजा


Fri-10-Oct - ट्रंप की प्रशंसा पर जयराम रमेश का पीएम मोदी पर तंज, कहा—‘निराधार दावों का अर्धशतक पूरा’


Wed-08-Oct - पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा बुखार और संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर