Trending News

नकली खाद पर एक्शन, कांग्रेस पर सियासी वार, भागीरथ चौधरी पर लगे आरोपों को भाजपा ने बताया बेबुनियाद, कांग्रेस की भूमिका पर उठाए सवाल

:: Omprakash Najwani :: 08-Jun-2025
:

अजमेर। भारतीय जनता पार्टी अजमेर शहर और देहात जिलों द्वारा शनिवार को संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित कर नकली खाद फैक्ट्री प्रकरण में कांग्रेस के रवैये पर तीखा हमला बोला गया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस किसानों को गुमराह कर रही है और भ्रष्टाचारियों के बचाव में खड़ी दिखाई दे रही है।प्रेस वार्ता में अजमेर शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी और देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने बताया कि कुछ दिन पहले राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा द्वारा अजमेर जिले में नकली खाद और फर्टिलाइज़र बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापेमारी की गई थी, जिसमें बड़ा खुलासा हुआ।


 इस कार्रवाई में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी का भी पूरा सहयोग रहा। दोनों नेताओं ने मिलकर प्रदेश में सक्रिय फर्जीवाड़े और किसानों के साथ हो रही धोखाधड़ी को उजागर किया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस गोरखधंधे को छुपाने की कोशिश कर रही है और उल्टा भागीरथ चौधरी पर बेबुनियाद आरोप लगाकर मामले को भटकाना चाहती है। रमेश सोनी ने कहा कि यह विषय किसानों के हितों से जुड़ा है और भाजपा इस तरह की धोखाधड़ी को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस इन फैक्ट्रियों के संचालकों के बचाव में क्यों उतर रही है, क्या कहीं न कहीं उनकी प्रत्यक्ष या परोक्ष संलिप्तता है? प्रेस वार्ता में यह तथ्य भी सामने आया कि जिन फैक्ट्रियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें अधिकांश को लाइसेंस कांग्रेस सरकार के कार्यकाल (2021–2024) के दौरान जारी किए गए। 


तिलोनिया गांव में स्थित एक फैक्ट्री को 2021–22 में लाइसेंस दिया गया, वहीं दो और फैक्ट्रियों को 2022–23 में, जबकि सात और फैक्ट्रियों को 2023–24 में लाइसेंस मिले।भाजपा नेताओं ने यह भी याद दिलाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल (2018–2023) के दौरान खुद कांग्रेस के नेता सचिन पायलट और रामनारायण मीणा ने सरकारी भ्रष्टाचार की शिकायतें की थीं। इसके बावजूद अब कांग्रेस फैक्ट्री संचालकों के बचाव में खड़ी नजर आ रही है।रमेश सोनी और जीतमल प्रजापत ने किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विकास चौधरी के ही गांव तिलोनिया में यह फैक्ट्री संचालित हो रही थी, फिर भी उन्होंने न तो कोई विरोध दर्ज कराया और न ही विधानसभा में इस मुद्दे पर आवाज उठाई।प्रेस वार्ता में भागीरथ चौधरी के ऊपर लगाए गए आरोपों को भाजपा ने पूरी तरह निराधार करार दिया। भाजपा ने कहा कि चौधरी का राजनीतिक जीवन ईमानदारी और पारदर्शिता का उदाहरण है और कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक नाटक कर रही है। भाजपा ने कांग्रेस नेता गोविंद डोटासरा पर भी तीखी टिप्पणी की। नेताओं ने कहा कि डोटासरा का व्यवहार हमेशा विवादास्पद रहा है और वे अब तक विधानसभा में अपनी जिम्मेदारियों का ठीक से निर्वहन नहीं कर पाए हैं।अंत में दोनों जिलाध्यक्षों ने यह मांग की कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जाए और नकली खाद बेचने वाले दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।


( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   |
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News