Trending News

भारत-चीन रिश्तों में नई गर्माहट: पर्यटक वीजा बहाल, कैलाश यात्रा शुरू, वार्ता भी तेज

:: Editor - Omprakash Najwani :: 24-Jul-2025
:

भारत और चीन के बीच संबंध अब सुधरते नजर आ रहे हैं। मोदी सरकार ने एक अहम फैसला लेते हुए चीनी नागरिकों को फिर से भारत का टूरिस्ट वीजा देना शुरू कर दिया है। इसके पहले पिछले महीने कैलाश मानसरोवर यात्रा को भी हरी झंडी दी गई थी। यह दोनों कदम ऐसे वक्त में उठाए गए हैं जब दोनों देश पूर्वी लद्दाख के गलवान घाटी में 2020 में हुई झड़प के बाद रिश्तों को धीरे-धीरे पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।

इसी क्रम में बुधवार को भारत और चीन के अफसरों के बीच लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही भारत में इस साल होने वाली विशेष प्रतिनिधियों की बैठक पर भी चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के अनुसार दोनों देशों ने सीमा पर शांति बनाए रखने और संवाद जारी रखने पर सहमति जताई है।

भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि चीन के नागरिक अब भारत घूमने के लिए वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा और बीजिंग, शंघाई व ग्वांगझोऊ स्थित भारतीय वीजा एप्लीकेशन सेंटर में दस्तावेज जमा करने होंगे।

इस फैसले का चीन के विदेश मंत्रालय ने भी स्वागत किया है और इसे सकारात्मक कदम बताया है।

हाल ही में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शंघाई सहयोग संगठन की बैठक के दौरान चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की थी। जयशंकर ने कहा था कि दोनों देशों ने संबंध सामान्य करने में प्रगति की है लेकिन बॉर्डर पर तनाव को और घटाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि मतभेदों को विवाद नहीं बनने देना चाहिए।

अक्टूबर, 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात रूस के कज़ान में हुई BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। इसके पहले पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सहमति बनी थी, जिसके बाद डिसइंगेजमेंट की प्रक्रिया शुरू हुई थी। बीते महीनों में एनएसए अजित डोभाल दो बार चीन जा चुके हैं, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी द्विपक्षीय वार्ताओं में भाग ले चुके हैं।

30 जून से शुरू हुई कैलाश मानसरोवर यात्रा को भी संबंध सुधार की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है, जो अगस्त के अंत तक चलेगी। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानों को फिर से शुरू करने की तैयारी भी चल रही है।

2019 में भारत में 1.09 करोड़ विदेशी पर्यटक आए थे। अब जबकि भारत ने चीनी पर्यटकों के लिए वीजा बहाल कर दिया है, तो यह स्पष्ट संकेत है कि दोनों देश कड़वी यादों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने को तैयार हैं।


( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   |
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News